औषधीय, शंकर शाकभाजी एवं मसाला फसलों की खेती पर किसानों को मिलेगा अनुदान*
औषधीय, शंकर शाकभाजी एवं मसाला फसलों की खेती पर किसानों को मिलेगा अनुदान*
District Magistrate Hamirpur up
हमीरपुर। जनपद के कृषकों की आय बढ़ाने तथा उद्यानिकी फसलों के क्षेत्रफल विस्तार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत औषधीय, शंकर शाकभाजी एवं मसाला फसलों की खेती पर आकर्षक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास अभियान एवं एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत औषधीय फसल तुलसी की खेती पर अनुमन्य लागत ₹1.50 लाख प्रति हेक्टेयर का 40 प्रतिशत अर्थात ₹60,000 प्रति हेक्टेयर अनुदान देय है। यह सहायता रोपण सामग्री एवं अन्य निवेश मदों के लिए प्रति कृषक अधिकतम 2 हेक्टेयर क्षेत्र तक उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी प्रकार शंकर शाकभाजी कार्यक्रम के अंतर्गत टमाटर, भिंडी, कद्दू, लौकी, तरोई, बैंगन, खीरा आदि सब्जी फसलों की खेती पर ₹60,000 प्रति हेक्टेयर लागत का 40 प्रतिशत अर्थात ₹24,000 प्रति हेक्टेयर की राज्य सहायता प्रदान की जाएगी।
मसाला क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम के तहत प्याज एवं लहसुन की खेती करने वाले कृषकों को ₹50,000 प्रति हेक्टेयर लागत का 40 प्रतिशत अर्थात ₹20,000 प्रति हेक्टेयर की राज्य सहायता अनुमन्य है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक कृषक उद्यान विभाग के पोर्टल www.dbt.uphorticulture.in पर पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं तथा आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों सहित 10 जुलाई, 2026 तक कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, हमीरपुर में जमा कर सकते हैं। पंजीकरण हेतु खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, मोबाइल नंबर एवं पासपोर्ट आकार का फोटो आवश्यक होगा।
इसके अतिरिक्त योजना के लाभार्थियों को "पर ड्रॉप मोर क्रॉप" (माइक्रो इरिगेशन) योजना के अंतर्गत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। इस योजना में सामान्य कृषकों को 65 से 75 प्रतिशत तथा लघु एवं सीमान्त कृषकों को 80 से 90 प्रतिशत तक राजकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इच्छुक कृषक विभाग में तैनात क्षेत्रीय निरीक्षकों अथवा कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, हमीरपुर से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु जिला उद्यान अधिकारी के सीयूजी नंबर 9151066893 तथा सहायक उद्यान निरीक्षक श्री सौभाग्य चन्द्र सोनी के मोबाइल नंबर 7703051906 पर संपर्क किया जा सकता है।