
खाण्डोली में आज लगेगा जन-विश्वास अभियान का शिविर, ग्रामीणों से सीधे संवाद करेगा प्रशासन
मुरैना। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार, 11 सितंबर को जनपद पंचायत जौरा के ग्राम खाण्डोली में जनसंवाद एवं जन-विश्वास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर निराकरण की कार्रवाई करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारी ग्राम खाण्डोली एवं आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर विकास कार्यों, शासकीय संस्थाओं, परिसंपत्तियों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को देंगे।
जनसंवाद के दौरान पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं को जानकर उनके समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के बीच पहुंचाकर जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना है। कलेक्टर ने बताया कि अन्य विकासखंडों में चिन्हित ग्रामों में भी खंड स्तर के अधिकारी उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।
#morena #मुरैना