#भरतपुर। नदबई शहर में लंबे समय से सड़कों और गली-मोहल्लों में भटक रहे बेसहारा गोवंश से लोगों को राहत दिलाने के लिए बजरंगी गौ सेवा समिति ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। मंगलवार को समिति के गौ सेवकों ने सड़कों से एकत्र किए गए 40 गोवंशों को पिकअप वाहनों के जरिए समर्पण गौशाला और राधा सुरभि गौशाला, गोवर्धन के लिए रवाना किया। दुर्लभ सैनी ने बताया कि सड़कों पर गोवंश के जमावड़े से लगातार हादसे हो रहे थे और कई लोग घायल भी हो चुके थे। नगर पालिका प्रशासन से बार-बार शिकायत करने के बावजूद समाधान न होने पर गौ सेवकों ने खुद यह बीड़ा उठाया है। अभियान के तहत न केवल सड़कों पर घूम रहे सामान्य बेसहारा गोवंश को एकत्र किया जा रहा है, बल्कि लंपी बीमारी से पीड़ित गोवंश को भी चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से गोशाला भेजा जा रहा है। समिति के सदस्यों का कहना है कि शहर को पूरी तरह बेसहारा गोवंश से मुक्त कराने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस सेवा कार्य में इंद्रपाल सैनी, शिवम पंडित, मोनू पंडित चितारी, वीरू और सूजल सहित कई गौ सेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।