
22 साल बाद तरकुलवा में स्थापित हुई मां लक्ष्मी की प्रतिमा, प्रशासन की निगरानी में पूजा-अर्चना और आरती से गूंजा चौराहा!
#संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के तरकुलवा चौराहे पर 22 वर्षों का लंबा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। वर्ष 2004 में प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते में हुए विवाद के बाद यहां मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापना नहीं हो पा रही थी। दो दशक से अधिक समय बाद इस वर्ष प्रशासन से अनुमति मिलने पर प्रतिमा स्थापना का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद स्थानीय श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
बीते दिन प्रशासनिक अनुमति के बाद मां लक्ष्मी की प्रतिमा विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। आयोजन को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। चौराहे पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ पीएसी के जवानों की तैनाती की गई। पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा बलों की निगरानी में प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आयोजन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरती गई।
वहीं, शनिवार को तरकुलवा चौराहे पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां लक्ष्मी की विधिवत पूजा-अर्चना की और सामूहिक आरती में शामिल होकर सुख-समृद्धि की कामना की। मां के जयकारों और आरती से पूरा चौराहा भक्तिरस में सराबोर नजर आया।
गौरतलब है कि वर्ष 2004 के बाद पहली बार यहां प्रतिमा स्थापना का आयोजन हुआ है। ऐसे में 22 वर्षों बाद शुरू हुई पूजा परंपरा को लेकर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूजा-अर्चना संपन्न होने पर प्रसन्नता जताई।
#Tarkulwa #MaaLakshmi #SantKabirNagar #LakshmiPuja #SaafSandesh