
त्योहारी सीजन में कोंच से विभिन्न मार्गों पर बसें चलाने की मांग
झांसी डिपो से सुबह छह बजे इटावा और शाम सात बजे कोंच से झांसी बस चलाने का सुझाव
कोंच। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए नगर पालिका परिषद कोंच के नामित सभासद एवं भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया ने मंगलवार को झांसी में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश मौर्य को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कोंच क्षेत्र से विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन शुरू कराने और पुरानी बसों के स्थान पर नई बसें चलाने की मांग की।
ज्ञापन में सुनील लोहिया ने झांसी डिपो से झांसी-इटावा मार्ग पर वाया एट, कोंच, माधौगढ़ और भीखेपुर सुबह छह बजे बस चलाने का सुझाव दिया। साथ ही कोंच से झांसी के लिए शाम सात बजे बस संचालित करने की मांग की, जिससे देर शाम भी यात्रियों को झांसी जाने की सुविधा मिल सके। उन्होंने उरई डिपो की बस कोंच से चित्रकूट तक वाया राठ-महोबा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे होकर सुबह छह बजे चलाने का भी सुझाव दिया। इसके अलावा झांसी-कोंच मार्ग पर चल रहीं पुरानी बसों के स्थान पर नई और वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि बसों का व्यवस्थित संचालन होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन आवागमन में सुविधा मिलेगी।
Konch, Jalaun | Oct 28, 2026