
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत रामेश्वरम् यात्रा 15 नवम्बर को होगी रवाना
यात्रा के लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन 00494 प्रातः 11:30 बजे जाएगी
भिण्ड के 191 तीर्थयात्री रामेश्वरम् के लिए रवाना होंगे
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजनांतर्गत भिण्ड जिले के 191 तीर्थयात्री 15 नवंबर को रामेश्वरम् तीर्थ के लिए रवाना होंगे। यात्रा 15 से 20 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इसके लिए भारत गौरव स्पेशल ट्रेन संख्या 00494 भिण्ड रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर प्रातः 9 बजे आएगी और निर्धारित समय पर प्रातः 11:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन ग्वालियर, शिवपुरी, गुना एवं अशोकनगर होते हुए रामेश्वरम् जाएगी। योजना के तहत श्रद्धालुओं को यात्रा, भोजन, आवास एवं दर्शन की सुविधा दी जाती है।
यात्रियों के साथ 5 पुलिस जवान, एक डॉक्टर, एक सहायक तथा कलेक्ट्रेट भिण्ड के 4 शासकीय कर्मचारी ट्रेन में रहेंगे। उक्त यात्रा हेतु 500 व्यक्तियों द्वारा आवेदन किया गया था, लेकिन कम्प्यूटर द्वारा रेंडमाइजेशन के माध्यम से 191 लोगों को चिन्हित किया गया है। यह व्यवस्था यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा सुनिश्चित करेगी। भारत गौरव ट्रेन यात्रा का उद्देश्य तीर्थस्थलों तक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुलभ यात्रा उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों के टिकट जारी कर दिए गए हैं। यह यात्रा बुजुर्गों एवं पात्र श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को सम्मान देने तथा उनकी तीर्थ यात्रा की इच्छा पूरी करने का सार्थक प्रयास है। रामेश्वरम् दर्शन का यह अवसर भिण्ड के तीर्थयात्रियों के लिए आस्था, आनंद एवं स्मृतियों से भरपूर अनुभव बनेगा।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Department of Tourism, MP
#भिण्ड
#Bhind