
सिंगरौली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय के जुड़वा तालाब परिसर से लेकर चितरंगी और बरगवां तक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लोगों ने हाथों में झाड़ू थामकर श्रमदान किया। इस मौके पर सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया और लोगों को साफ-सफाई की शपथ दिलाई गई।
जुड़वा तालाब परिसर में विधायक रामनिवास शाह ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल और नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान मौजूद रहे। बेहतर काम करने वाले सफाई मित्रों को माला पहनाकर और सफाई किट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही परिसर में पौधे भी लगाए गए।
चितरंगी में राज्यमंत्री राधा सिंह ने महात्मा गांधी के चित्र पर फूल चढ़ाने के बाद खुद झाड़ू लगाकर सफाई की। उन्होंने बाजार, मंदिर, स्कूल और सरकारी दफ्तरों के आसपास श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग का काम नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इसी तरह बरगवां के शिव मंदिर तालाब परिसर में भी लोगों ने श्रमदान किया और सार्वजनिक जगहों को साफ रखने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र पढ़री में 'आंगन मिलन' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, बालिकाओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया, जहां महिला एवं बाल विकास और समाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि वे स्वच्छता को सिर्फ एक दिन के अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी रोजाना की आदत में शामिल करें।
#सिंगरौली #Singrauli #SingrauliNews #गांधीजयंती #GandhiJayanti #सेवासंकल्प #स्वच्छताअभियान #स्वच्छताहीसेवा #श्रमदान #स्वच्छसिंगरौली #सफाईमित्र #स्वच्छताकीसपथ #पौधरोपण #राधासिंह #रामनिवासशाह #MadhyaPradesh #MPNews #HindiNews #SingrauliUpdates #GandhiJayanti2026 #CleanIndia #SwachhBharat #BreakingNews #LatestNews