आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में जनसुनवाई में सैकड़ो लोग पहुंचे
प्रति ट्रिप 500 रुपये की मांग और धमकी का आरोप, एसपी से कार्रवाई की मांग
सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र में राखड़ परिवहन में लगी हाइवा गाड़ियों को रोककर प्रति ट्रिप 500 रुपये की मांग करने और राशि नहीं देने पर कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम चौरा निवासी विजय नारायण शाह, पिता राजमणि शाह ने पुलिस अधीक्षक, जिला सिंगरौली को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार विजय नारायण शाह की हाइवा गाड़ियां अदानी पावर प्लांट बंधौरा से मकरोहर राखड़ परिवहन के कार्य में लगी हुई थीं। आरोप है कि माड़ा बाजार में रणधीर सिंह, पिता तुलसीशरण सिंह, ने अपने तीनों भाइयों एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर चार हाइवा गाड़ियों को रोक लिया। आवेदक के मुताबिक रणधीर सिंह द्वारा प्रत्येक ट्रिप के लिए 500 रुपये की मांग की गई।
आवेदन में बताया गया है कि वाहन चालकों द्वारा राशि देने से इनकार करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद चारों वाहनों को माड़ा थाना ले जाकर खड़ा करवा दिया गया।
आवेदन में जिन वाहनों का उल्लेख किया गया है, उनमें MP 66 ZA 2573, MP 66 ZA 2524, MP 66 ZA 1677 और MP 66 H 2436 शामिल हैं।
विजय नारायण शाह ने पुलिस अधीक्षक से रणधीर सिंह एवं उनके साथियों के विरुद्ध मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा राखड़ परिवहन का कार्य सुरक्षित तरीके से संचालित कराने की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच एवं कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Singrauli, Singrauli | Oct 6, 2026