
CNG टेस्टिंग प्लेट एक्सपायर होने पर हुआ विवाद, पेट्रोल पंप के सामने फायरिंग; आरोपी गिरफ्तार
मुरैना/ जौरा थाना क्षेत्र में CNG टेस्टिंग प्लेट की वैधता को लेकर हुए विवाद के बाद पेट्रोल पंप के सामने फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर की अधिया और एक जिंदा राउंड बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी रानू शर्मा, पुत्र रामसेवक शर्मा, मित्तल पेट्रोल पंप पर CNG डालने का काम करते हैं। 5 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे देवा बघेल ऑटो लेकर CNG भरवाने पहुंचा। CNG टेस्टिंग प्लेट की तारीख एक्सपायर होने पर रानू शर्मा ने उसे पहले प्लेट रिन्यू कराने की बात कही।
इसी बात को लेकर देवा बघेल भड़क गया और फरियादी से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित तौर पर धमकी दी कि वह बाद में आकर बताएगा।
बताया गया कि उसी दिन करीब 2:30 बजे देवा बघेल अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से पेट्रोल पंप के सामने एम.एस रोड पर पहुंचा और फायरिंग कर दी। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 383/26 के तहत धारा 110, 296, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
9 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर जौरा पुलिस ने वांछित आरोपी देवा उर्फ देवेन्द्र पुत्र रामविलास बघेल, निवासी ग्राम स्यारू, थाना बागचीनी, जिला मुरैना को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर की एक अधिया और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया।
हथियार बरामद होने के बाद प्रकरण में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट का इजाफा किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
#मुरैना #morena #पुलिस