
*जिले के पहले राहवीर बने आनंद डोडवे, कलेक्टर श्रीमती माथुर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित*
*आलीराजपुर 05 नवंबर 2026 ।* सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने के सराहनीय मानवीय कार्य के लिए जिले के पहले राहवीर (गुड सेमेरिटन) बने श्री आनंद डोडवे को कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
श्री आनंद डोडवे पिता श्री पूनमचंद डोडवे, निवासी मछली बाजार के सामने, तीखी ईमली, आलीराजपुर ने 13 जून 2026 को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल निकटतम अस्पताल/ट्रामा सेंटर पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश, ग्वालियर द्वारा प्रशस्ति पत्र जारी किया गया है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती माथुर ने श्री डोडवे के मानवीय सेवा भाव एवं तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह के नेक एवं पुनीत कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय घायलों को गोल्डन ऑवर में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना जीवन रक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने जिलेवासियों से अपील की कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की मदद के लिए आगे आएं तथा उसे शीघ्र नजदीकी अस्पताल या ट्रामा सेंटर पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को समय पर सहायता उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाना सबसे बड़ा मानवीय और पुनीत कार्य है। श्री आनंद डोडवे का यह प्रयास समाज के अन्य नागरिकों के लिए भी प्रेरणादायी है।
#राहवीर_योजना
#JansamparkMP
#collector
#alirajpur