
सम्राट अशोक सागर बांध की नहरों में रबी सिंचाई के लिए जल प्रवाह प्रारंभ
-------------------------------------
कृषक आवश्यकता अनुसार ही करें पानी का उपयोग, जल की बर्बादी रोकने की अपील
-------------------------------------
विदिशा। सम्राट अशोक सागर परियोजना (हलाली)के कमांड क्षेत्र में रबी फसलों की सिंचाई के लिए बांध की नहरों में रविवार 1 नवंबर से जल प्रवाह प्रारंभ कर दिया गया है। इस संबंध में सम्राट अशोक सागर संभाग क्रमांक-2 विदिशा के कार्यपालन यंत्री द्वारा सर्वसाधारण एवं कमांड क्षेत्र के समस्त कृषकों को सूचना जारी कर आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की गई है। जारी सूचना में बताया गया है कि इस वर्ष कम वर्षा होने के कारण जल का समुचित एवं विवेकपूर्ण उपयोग किया जाना आवश्यक है। इसे ध्यान में रखते हुए कृषकों से आग्रह किया गया है कि वे सिंचाई के लिए पानी का उपयोग अपनी फसल की आवश्यकता के अनुसार ही करें तथा अनावश्यक रूप से पानी बहने और उसकी बर्बादी को रोकें।
कार्यपालन यंत्री ने विशेष रूप से ऐसे कृषकों से अपने खेतों के कुलावे (जल निकासी एवं सिंचाई के लिए बनाए गए मार्ग) बंद रखने की अपील की है, जिनके खेतों में धान अथवा अन्य फसलें पहले से खड़ी हैं और जिन्हें वर्तमान में सिंचाई के पानी की आवश्यकता नहीं है। कुलावे खुले रहने से खेतों में अनावश्यक पानी पहुंच सकता है, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका रहती है। सम्राट अशोक सागर परियोजना के कमांड क्षेत्र के सभी कृषकों से नहरों के जल का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, जल संरक्षण में सहयोग देने तथा आवश्यकता के अनुरूप ही सिंचाई करने की अपेक्षा की गई है, ताकि उपलब्ध जल का उपयोग अधिकाधिक कृषकों की जरूरतों को पूरा करने में किया जा सके। Jansampark Madhya Pradesh #vidisha #JansamparkMP