
राजद जिलाध्यक्ष चुनाव से पहले औरंगाबाद में सियासी हलचल तेज, पटना की बैठक पर टिकी नजरें
औरंगाबाद।
राष्ट्रीय जनता दल में जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिलाध्यक्ष के चुनाव से पहले औरंगाबाद के राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक 11 अगस्त को पटना में शीर्ष राजद नेतृत्व के साथ होना सुनिश्चित बताया जा रहा है। बैठक को लेकर जिले के कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को फोन आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
इस बीच प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल से राजद नेताओं की मुलाकात को भी राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।जिलाध्यक्ष के चुनाव से पहले होने वाली इस मुलाकात को लेकर राजद के अंदरखाने में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि मणिका पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शंकर राम, दधपी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि श्यामसुंदर यादव उर्फ लंबू मुखिया, राजद नेता सत्येंद्र यादव और खिरियावां पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रंजीत यादव समेत कई नेता इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सक्रिय हैं। इन नेताओं की गतिविधियों को जिलाध्यक्ष चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
खास बात यह है कि पूर्व मंत्री और राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश पासवान की मौजूदगी में इन नेताओं के बीच हुई राजनीतिक चर्चा के बाद पटना में होने वाली बैठक को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ होने वाली बैठक में जिले के संगठनात्मक मुद्दों के साथ-साथ आगामी जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
राजद में जिलाध्यक्ष का पद संगठन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में नेताओं की सक्रियता और शीर्ष नेतृत्व से संपर्क को लेकर राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जिलाध्यक्ष पद को लेकर पार्टी नेतृत्व की अंतिम रणनीति क्या होगी और किस नेता के नाम पर सहमति बनती है। लेकिन SC, ST पर विचार अगर पार्टी की बनती है तो शंकर राम का नाम आगे लाया जा सकता है।
पटना में 11 अगस्त को होने वाली बैठक के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। बैठक में किन-किन नेताओं की मौजूदगी रहती है और शीर्ष नेतृत्व की ओर से संगठन को लेकर क्या संदेश दिया जाता है, इस पर औरंगाबाद के राजद कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।
कुल मिलाकर, राजद जिलाध्यक्ष के चुनाव से पहले औरंगाबाद में संगठनात्मक स्तर पर बैठकों और नेताओं की सक्रियता ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि पटना की बैठक और प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल से होने वाली मुलाकात के बाद जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर क्या नई तस्वीर सामने आती है।
#foryoupageシ #AurangabadNews #aurangabad #BiharNews #yadavbrand #राजद #RJD #RjdBihar #TejashwiYadav #LaluYadav #tejshwaiyadav
Bihar, India | Sep 10, 2026