
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार आगामी 18 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले पंचायतवार “सहयोग शिविर” के सफल संचालन हेतु जिले के सभी पंचायतों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है।
The silence media news
आम नागरिकों को शिविर के प्रति जागरूक कर प्रेरित किया जा रहा है कि वे शिविर से पूर्व अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पंचायत सरकार भवन में जमा करें, ताकि शिविर के दिन ही उनके आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद द्वारा सभी जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे अपने पंचायत सरकार भवन में समयपूर्व आवेदन जमा कर सहयोग शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं।
“सहयोग शिविर” का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों की सुलभ प्राप्ति एवं उनके त्वरित, पारदर्शी तथा प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे।
प्रत्येक शिविर के आयोजन से पूर्व संबंधित पंचायतों में कम-से-कम 30 दिन पूर्व से आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि प्राप्त आवेदनों का पूर्व परीक्षण कर निष्पादन प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा सके।
जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक शिविर हेतु वरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सहयोगी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को शिविर के सफल संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में दिनांक 18 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले पंचायतवार "सहयोग शिविर" के अंतर्गत कुटुम्बा प्रखंड के बलिया परता एवं जगदीशपुर पंचायत, औरंगाबाद प्रखंड के नौगढ़ एवं मंझार पंचायत, बारूण प्रखंड के रिऊर कंचनपुर पंचायत, देव प्रखंड के भवानीपुर , पश्चिमी केताकी एवं बसडीहा पंचायत, मदनपुर प्रखंड के बेरी, एवं दक्षिणी उमगा पंचायत, रफीगंज प्रखंड के गोरडीहा, दुगल, बलार एवं लोहरा पंचायत, नवीनगर प्रखंड के बसडीहा, तोल, मुंगिया एवं खजूरी पांडु पंचायत ओबरा प्रखंड के ओबरा, सोनहुली, सरसौली एवं कंचनपुर पंचायत, दाउदनगर प्रखंड के कर्मा, तरार एवं सिंदुआर पंचायत, गोह प्रखंड के वर्माखुर्द, मलहद एवं बक्सर पंचायत तथा हसपुरा प्रखंड अंतर्गत जैतपुर, धूसरी एवं कोईलवा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों का आयोजन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकाधिक नागरिकों को इस पहल का लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
#thesilencemedianews #abhilashasharmaias #aurangabad #औरंगाबाद #Madanpur #rafiganj #daudnagar