सारण के जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) अनंत कुमार सिंह एवं सचिव राजीव कुमार ने सोमवार को मंडल कारा छपरा का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाओं और बंदियों को मिल रही विधिक सहायता की स्थिति की जानकारी ली।
जेल की क्षमता 1063 बंदियों की है, जबकि निरीक्षण के दौरान कुल 1703 बंदी निरुद्ध मिले। इनमें 1576 विचाराधीन और 126 सजावार बंदी शामिल हैं। क्षमता से अधिक बंदियों को देखते हुए जिला जज ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें DLSA के माध्यम से त्वरित निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही संक्रामक बीमारी से ग्रसित बंदियों के लिए जेल अस्पताल में विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान जिला जज ने कारा परिसर में पौधारोपण भी किया।
Chapra, Saran | Sep 29, 2026