
रक्षाबंधन पर जिला जेल में बंदियों को विशेष खुली मुलाकात की सुविधा
---
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर जिला जेल टीकमगढ़ में परिरुद्ध बंदियों को उनके भाई-बहनों से विशेष (खुली) मुलाकात की सुविधा प्रदान की जाएगी। जिला जेल प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार 28 अगस्त 2026 को प्रातः 8:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशेष मुलाकात आयोजित होगी।
विशेष मुलाकात के दौरान बंदी भाइयों से मिलने वाली बहनों तथा बंदी बहनों से मिलने वाले भाइयों और उनके साथ आने वाले 13 वर्ष तक की आयु के बच्चों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। अन्य परिजनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक मुलाकात की अधिकतम अवधि 15 मिनट निर्धारित की गई है। भीड़ की स्थिति में समय में परिवर्तन किया जा सकता है।
मुलाकात के लिए आने वाले भाई-बहनों को अपने आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। रक्षाबंधन पर्व पर उपयोग की जाने वाली 250 ग्राम तक मिठाई जेल कैंटीन कक्ष में निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध रहेगी, जिसे आवश्यकतानुसार क्रय किया जा सकेगा। जेल गेट के अंदर बाहर से लाई गई किसी भी सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी, केवल राखी ले जाने की अनुमति रहेगी।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh