
शहर में सफाई व्यवस्था में कोताही बरतने पर नगर परिषद रेवाड़ी के जेई सस्पेंड
*-डीसी अभिषेक मीणा ने कहा, सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त*
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग द्वारा सफाई व्यवस्था में कोताही बरतने पर नगर परिषद रेवाड़ी के जेई कुशल यादव सस्पेंड किया गया है।
डीसी ने बताया कि यह कार्रवाई हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव तथा जिला के प्रशासनिक सचिव अशोक कुमार मीणा द्वारा रेवाड़ी शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिलने पर की गई है। उन्होंने रेवाड़ी लघु सचिवालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने पर नगर परिषद रेवाड़ी के जूनियर इंजीनियर (जेई) कुशल यादव को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। प्रशासनिक सचिव के निर्देशों की अनुपालना में हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग द्वारा निलंबन आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से जिला नगर आयुक्त रेवाड़ी को संबंधित नियमों के तहत जेई के विरुद्ध आरोप पत्र का मसौदा तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
--------
Rewari, Rewari | Nov 3, 2026