
स्वामित्व योजना में आलीराजपुर प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल
ग्रामीणों को मकान एवं भूखंड की निःशुल्क मिलेगी पक्की रजिस्ट्री, स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क का खर्च उठाएगी राज्य सरकार
आलीराजपुर, 3 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने बताया कि प्रदेश में संचालित विशेष अभियान स्वामित्व योजना के तहत आलीराजपुर जिले में भी ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके मकान एवं भूखंड की निःशुल्क पक्की रजिस्ट्री उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इस अभियान में बेहतर प्रदर्शन करते हुए आलीराजपुर जिले ने प्रदेश के टॉप-10 जिलों में स्थान प्राप्त किया है।
“कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बताया कि इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वामित्व योजना के तहत सर्वप्रथम आलीराजपुर जिले के निवासी को पक्की रजिस्ट्री का दस्तावेज भेंट किया गया था। यह जिले के लिए गौरव का विषय है।”
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने बताया कि योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी जमीन एवं मकान का पक्का और वैध कानूनी दस्तावेज प्राप्त होगा। इससे वे मकान निर्माण, कृषि विकास अथवा नया व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक से आसानी से ऋण प्राप्त कर सकेंगे। योजना के तहत हितग्राहियों को स्टाम्प ड्यूटी एवं पंजीयन शुल्क नहीं देना होगा। इसका संपूर्ण खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ड्रोन सर्वे के माध्यम से संपत्तियों की स्पष्ट मैपिंग एवं रिकॉर्ड तैयार होने से जमीन और मकान संबंधी आपसी विवाद तथा धोखाधड़ी की संभावनाएं भी कम होंगी।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने जिले के ग्रामीणों से अपील की है कि वे स्वामित्व योजना के तहत अपनी संपत्ति का वैध दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अभियान में सक्रिय सहभागिता करें तथा शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का अधिकाधिक लाभ उठाएं।
Indore Commissioner
#JansamparkMP
#स्वामित्व_योजना
#collector
#alirajpur
#राजस्व