
त्योहारों से पहले देवास में खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष टीमें गठित, अमानक मिलने पर होगी जब्ती
कलेक्टर नेहा मीना ने दिए निर्देश, दूध, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों की रैपिड किट व आयोडीन टेस्ट से होगी प्राथमिक जांच
देवास। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छता पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जांच अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्टर नेहा मीना ने जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए जांच दलों का गठन किया है।
जांच दल खाद्य उत्पादन एवं निर्माण केंद्रों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच करेंगे। इस दौरान दूध, मावा और अन्य दुग्ध उत्पादों सहित सभी खाद्य पदार्थों की रैपिड किट अथवा आयोडीन टेस्ट से प्राथमिक जांच की जाएगी।
प्राथमिक जांच में खाद्य पदार्थ प्रथम दृष्टया अमानक पाए जाने पर नियमानुसार नमूने लिए जाएंगे और संबंधित खाद्य पदार्थों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान खाद्य निर्माण केंद्रों में साफ-सफाई और स्वास्थ्यकर परिस्थितियों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला स्तर पर अपर कलेक्टर संजीव कुमार जैन को नोडल अधिकारी और जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेश अहिरवार को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। अनुभाग स्तर पर संबंधित एसडीएम जांच के नोडल अधिकारी रहेंगे।
प्रशासन ने जांच दलों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत निर्धारित स्वच्छता और गुणवत्ता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।