
*नशा तस्करों पर हिसार पुलिस का बड़ा प्रहार*
*सात माह में एनडीपीएस एक्ट के 157 मामले दर्ज, 258 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद : एसपी सिद्धांत जैन, आईपीएस*
हिसार, 07 अगस्त। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले 7 माह हिसार पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 157 मामले दर्ज कर 258 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस अवधि के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 664 किलो 500 ग्राम डोडा पोस्त, 55 किलो 800 ग्राम गांजा, 11 किलो 900 ग्राम अफीम, 5 किलो 400 ग्राम चरस, 2 किलो 400 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, 2,571 नशीली गोलियां, 480 नशीले कैप्सूल तथा अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि हिसार पुलिस की प्राथमिकता केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। जिले में "ऑपरेशन ट्रैक डाउन" सहित विभिन्न विशेष अभियानों के माध्यम से नशा तस्करी में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आमजन का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति को नशा तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी हो तो वह तुरंत हिसार पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि "नशा मुक्त हिसार" का लक्ष्य केवल पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। हिसार पुलिस नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
Uklana, Hissar | Aug 7, 2026