संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
कोंच। कैलिया थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक थाना कैलिया क्षेत्र के ग्राम धौरपुर में 21 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े छह बजे रोहित कुशवाहा (21) का शव घर की खपरैल के नीचे फंदे पर लटका मिला। परिजनों के मुताबिक रोहित झारखंड के पलामू में पानी पूरी का धंधा करता था और करीब एक हफ्ते पहले ही वहां से घर आया था। मृतक के बाबा भगवान दास कुशवाहा ने नाती की मौत को लेकर मामला संदिग्ध बताते पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच किए जाने की गुहार लगाई है। बताया गया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। कैलिया थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने पंचायतनामा भरवा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने मौके पर पहुंच कर घटना के बाबत जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
Konch, Jalaun | Oct 23, 2026