
भानपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12.90 लाख रुपये की मादक पदार्थ जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 ग्राम ब्राउन शुगर, 780 ग्राम एमडीएमए और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की कुल कीमत करीब 12 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में दो पुरुषों सहित एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को भानपुरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति बिना नंबर की काले रंग की होंडा सीडी 110 मोटरसाइकिल से भवानीमंडी, राजस्थान की ओर जा रहे हैं। उनके पास अवैध मादक पदार्थ होने की सूचना पर पुलिस टीम ने भैसोदा से भेसोदामंडी के बीच तालाब के किनारे आम रोड पर घेराबंदी की।
मौके से पुरन सिंह पिता गुमान सिंह राजपूत उम्र 33 वर्ष, सत्यनारायण पिता बालुदास बैरागी उम्र 38 वर्ष और चंद्रकला पति सत्यनारायण बैरागी उम्र 34 वर्ष, तीनों निवासी जगदी, थाना सुवासरा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 480 ग्राम ब्राउन शुगर, 780 ग्राम एमडीएमए और 5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ करीब 70 हजार रुपये कीमत की होंडा सीडी 110 मोटरसाइकिल भी जब्त की।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 21 और 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में गोकुल सिंह पिता शिवसिंह राजपूत निवासी जगदी, थाना सुवासरा को फरार आरोपी बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय बुन्देला की टीम द्वारा की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक धर्मेश यादव सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।