जिला अस्पताल में चोरों से ज्यादा कुत्तों का खौफ! जेवरात से भरा बैग लेकर घूमता दिखा डॉग, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मंदसौर। जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले लोगों को गेट-पास के लिए सुरक्षा गार्डों से जद्दोजहद करनी पड़ती है और बिना पास के किसी व्यक्ति को प्रवेश नहीं देने का दावा किया जाता है। ऐसे में अस्पताल परिसर में एक कुत्ते के अंदर घूमते हुए नजर आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरे में एक कुत्ता अस्पताल परिसर में करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवरात से भरा बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया है। हालांकि, बैग अस्पताल में कैसे पहुंचा और कुत्ता उसे लेकर किस स्थान से किस दिशा में गया, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मरीजों के साथ आने वाले लोगों के प्रवेश पर गेट-पास की व्यवस्था लागू है, तो फिर आवारा कुत्ते अस्पताल परिसर के अंदर तक कैसे पहुंच रहे हैं? अस्पताल में सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की स्थिति सामने आना सुरक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा के साथ-साथ सामान की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन को सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाने और परिसर में आवारा कुत्तों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि अस्पताल में इंसानों के प्रवेश पर इतनी सख्ती के बावजूद कुत्तों की एंट्री कैसे हो रही है।