
पंचकूला जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, सांसद कार्तिकेय शर्मा ने दिलाई शपथ
जिला न्यायालय परिसर पंचकूला में जिला बार एसोसिएशन की नवनियुक्त कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के नवनियुक्त प्रधान सहित पूरी कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ दिलाई। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लेकर नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नीतियों में बदलाव के साथ सोच में बदलाव भी जरूरी है। उन्होंने न्याय व्यवस्था को समाज और देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समय के साथ कानूनी सुधार आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका आम आदमी के विश्वास का सबसे बड़ा केंद्र है और लोगों को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
सांसद ने जिला बार एसोसिएशन के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही महिला सशक्तिकरण और मातृशक्ति के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बार एसोसिएशन परिसर में ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से निःशुल्क ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने की पेशकश की गई। कार्यक्रम के अंत में नई कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों, बार एसोसिएशन के विकास और न्यायिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia