विधायक मैथिली ठाकुर के आवास जाने वाली सड़क से हटेगा डिवाइडर,शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई
दरभंगा भूमि विवाद: तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा में विधायक मैथिली ठाकुर के निर्माणाधीन आवास तक जाने वाली सड़क के किनारे बने डिवाइडर को हटाने का काम शुरू हो गया है. स्थानीय रैयतों, किसानों और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए डीसीएलआर सदर वन अजय कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है. डिवाइडर के कारण सड़क के दोनों तरफ रहने वाले लोगों को आवागमन और खेती से जुड़े कामों में परेशानी हो रही थी.
दोनों तरफ से पूरी तरह हटाया जाएगा डिवाइडर
डीसीएलआर अजय कुमार ने बताया कि विधायक मैथिली ठाकुर के आवास तक जाने वाली सड़क के किनारे डिवाइडर बनाये जाने से दोनों तरफ के रैयतों, किसानों और आम लोगों में नाराजगी थी. स्थानीय लोगों ने उनसे मिलकर डिवाइडर के कारण आवागमन और दूसरे जरूरी कामों में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी थी.लोगों की शिकायतों को देखते हुए सड़क के दोनों तरफ बने डिवाइडर को पूरी तरह हटाने का निर्देश दिया गया है. इसके बाद इसे तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.