#भरतपुर। उच्चैन नगर पालिका कार्यालय में कस्बे की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अध्यक्ष दलीप सिंह अंबेश और उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने सफाईकर्मियों के साथ संवाद बैठक की। बैठक के दौरान सफाईकर्मियों ने अपने अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने, नियमानुसार पीएफ की कटौती करने और समय पर वेतन भुगतान की मांग रखी। पालिका अध्यक्ष अंबेश ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कस्बे की स्वच्छता बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने सभी कर्मचारियों से निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ कर्तव्य निभाने का आह्वान किया, वहीं अध्यक्ष अंबेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में योगदान देने पर जोर दिया।