
शिलाई गोलीकांड का रहस्य बरकरार, हत्या या हादसा? पुलिस जांच में कई पहलू सामने आए
सिरमौर के शिलाई उपमंडल में हुए रहस्यमयी गोलीकांड का राज फिलहाल पूरी तरह नहीं खुल पाया है। पुलिस जांच अंतिम चरण में बताई जा रही है और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या के इरादे से गोली चलाए जाने की आशंका को कम माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने किसी भी संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है।
मामला 10 नवंबर की सुबह कोटी उतरऊ मोड़ के पास का है। रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ बाइक पर चांदपुर धार से क्यारटा पिपलटी लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे बैठे 55 वर्षीय खजान सिंह अचानक बाइक से नीचे गिर गए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई।
घटना के करीब आठ घंटे बाद मामले ने नया मोड़ लिया। बाइक चला रहे रविंद्र ने अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला और अंदर धातु का एक टुकड़ा बरामद हुआ। इसके बाद गोली लगने की आशंका सामने आई और पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की जांच अब इस पहलू पर भी केंद्रित है कि घटनास्थल के आसपास खेतों में जंगली मुर्गों को भगाने या निशाना बनाने के दौरान टोपीदार बंदूक से फायर किया गया हो और उसके छर्रे सड़क से गुजर रही बाइक से टकराए हों। घटनास्थल के आसपास जंगली मुर्गों की मौजूदगी की बात भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि फायरिंग में खजान सिंह को गंभीर चोट लगी, जबकि बाइक चला रहे रविंद्र के हेलमेट और पीठ से भी छर्रा मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतक के शरीर से गोली बरामद नहीं हुई है। ऐसे में गोली किस दिशा से चली और वास्तव में घटनाक्रम कैसे हुआ, यह अभी जांच का अहम सवाल है।
बुधवार को डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाइक चालक से भी विस्तार से बातचीत की। देर दोपहर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज है और जंगली मुर्गों पर गोली चलाने के दौरान हादसे की संभावना को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह शिकार के दौरान चली गोली का दुर्भाग्यपूर्ण हादसा था, आपसी रंजिश का मामला या इसके पीछे कोई और कहानी?
इन सवालों के जवाब फॉरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पुलिस की आगे की जांच के बाद ही साफ हो पाएंगे।
#Shillai #SirmaurNews #HimachalNews #ShootingIncident #PoliceInvestigation #HimachalPradesh #Newsabtakhimachal