
मुरैना में अवैध रेत पर पुलिस की कार्रवाई, 2 लाख की ट्रॉली जब्त
मुरैना। जिले में अवैध रेत एवं पत्थर के परिवहन, उत्खनन और भंडारण के खिलाफ पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सिविल लाइन थाना पुलिस ने बिस्मिल नगर स्थित व्हाइट हाउस के पास कार्रवाई करते हुए चंबल नदी की अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। जब्त रेत की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली क्षेत्र से गुजर रही है। सूचना पर बिस्मिल नगर व्हाइट हाउस के पास चेकिंग लगाई गई। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक ट्रॉली और अपने साथी को रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रॉली की जांच की तो उसमें चंबल नदी की अवैध रेत भरी मिली। इसके बाद ट्रॉली को जब्त कर लिया गया। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जब्त ट्रॉली के संबंध में अग्रिम एवं राजसात की कार्रवाई के लिए वन विभाग को भी सूचना दी गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा की गई।
#morena #मुरैना #पुलिस