
राशन कार्ड एंट्री में तेजी लाने का निर्देश, लंबित कार्य जल्द निपटाने का निर्देश
राशन कार्ड से संबंधित एंट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त नीलिमा साहू ने की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नवादा सदर एवं रजौली के अनुमंडल पदाधिकारी और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी जुड़े रहे. बैठक में जिले में राशन कार्ड से संबंधित एंट्री कार्य की प्रखंडवार स्थिति की समीक्षा की गई. प्रभारी जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से एंट्री कार्य की अद्यतन प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राशन कार्ड की एंट्री में गति के साथ शुद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पात्र लाभुकों से संबंधित आवश्यक प्रविष्टियों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे. अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में राशन कार्ड एंट्री कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया.
Nawada, Nawada | Aug 22, 2026