
कांटी में दिनदहाड़े हथियार के बल पर 1.30 लाख की लूट! बैंकिंग कर्मी की बाइक भी ले उड़े अपराधी, CCTV खंगाल रही पुलिस
मुजफ्फरपुर के कांटी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मंगलवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक निजी बैंकिंग कर्मी को हथियार के बल पर निशाना बनाते हुए करीब 1 लाख 30 हजार रुपये लूट लिए।
घटना कांटी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-24 में कांटी थर्मल पावर प्लांट से प्रखंड चौक जाने वाले मार्ग पर रातल मैदान के समीप की बताई जा रही है। पीड़ित बैंकिंग कर्मी अमित कुमार के अनुसार, 2 से 3 अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया और नकदी के साथ उनकी बाइक, टैब समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक समेत पुलिस अधिकारियों को अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
फिलहाल कांटी पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। वहीं, घटना के बाद पुलिस ने इलाके में कई स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान भी शुरू कर दिया है।
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल अपराधियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी और पुलिस को इस मामले में शीघ्र सफलता मिलेगी।
#KantiCrime #MuzaffarpurNews #LootCase #BiharCrime #TirhutNow