
उरई में घर में घुसकर दबंगों का हमला, महिलाओं से अभद्रता; CCTV वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
उरई । शहर के शांति नगर मोहल्ले में घर में घुसकर मारपीट का मामला सामने आया है। कुछ अज्ञात लोगों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों से मारपीट की। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना उरई कोतवाली क्षेत्र की डिप्टीगंज चौकी के अंतर्गत शांति नगर मोहल्ले की है। जानकारी के अनुसार, कुछ बाइक सवार व्यक्ति अचानक एक घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर घर की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। शोर-शराबा सुनकरआसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें हमलावरों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद उरई कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने और घटना की सही तारीख का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Orai, Jalaun | Jul 16, 2026