
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार
पटियाली पुलिस ने फरीदाबाद से दबोचा, तमंचा और कारतूस बरामद; आरोपी को भेजा जेल
कासगंज, 10 सितंबर। जनपद में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पटियाली पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में थाना पटियाली पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना पटियाली में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत वांछित हर्षित पुत्र अविनाश सिंह, निवासी ग्राम बहोरनपुरा, थाना पटियाली, जनपद कासगंज को 10 सितंबर की रात फरीदाबाद, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस, 315 बोर बरामद किया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई।
पहले से दर्ज है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना सिढ़पुरा में वर्ष 2025 में भारतीय न्याय संहिता एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्तमान में थाना पटियाली में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना पटियाली के प्रभारी निरीक्षक अजयवीर सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।