
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बदनावर में जिला रोजगार कार्यालय धार द्वारा एक दिवसीय करियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना द्वारा चयनित पैनल के मनोवैज्ञानिक एवं विषय विशेषज्ञों ने हायर सेकेंडरी कक्षाओं में अध्ययनरत छात्राओं को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया।
करियर काउंसलिंग के दौरान छात्राओं को हायर सेकेंडरी की शिक्षा पूर्ण करने के बाद उपलब्ध रोजगार एवं करियर के विभिन्न अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं की रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में करियर निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
शिविर में छात्राओं को सरकारी करियर पोर्टल के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा करियर एवं रोजगार से संबंधित उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 100 बालिकाओं की करियर काउंसलिंग की गई।
जिला रोजगार अधिकारी श्री सतीश डोडिया ने छात्राओं को शिक्षा के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा। जिला रोजगार कार्यालय धार द्वारा श्री भगवान गोयल ने आभार व्यक्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh