देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान-2026' के अंतर्गत संचालित 'सेवा संकल्प यात्रा' (जन जल सेवा संकल्प यात्रा) के दूसरे दिन धार जिले में ऐतिहासिक जन-उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान विभिन्न पर्यावरणीय, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
*पौधरोपण, नशामुक्ति का संकल्प एवं राजगढ़ में आत्मीय स्वागत*
21 सितंबर की प्रातः 9:00 बजे यात्रा का विधिवत शुभारंभ राजगढ़ स्थित मोहनखेड़ा के प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित विशाल जनसमूह को नशामुक्ति का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।
मोहनखेड़ा से प्रस्थान कर यात्रा राजगढ़ पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पमालाएं पहनाकर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात यात्रा बस स्टैंड राजगढ़ से गुजरी, जहां नगर पालिका राजगढ़ की ओर से पुष्प-वर्षा कर आत्मीय अभिनंदन किया गया।
*सरदारपुर एवं मांगोद में पुष्पवर्षा से अभिनंदन*
राजगढ़ से आगे बढ़ते हुए कुक्षी नाका, चौपाटी व राजेंद्र द्वार होते हुए यात्रा सरदारपुर पहुंची, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पुष्पमालाओं से यात्रा की अगवानी की। इसके बाद यात्रा फुलगावड़ी और मांगोद पहुंची। मांगोद में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। तत्पश्चात यात्रा राजपुरा होते हुए ऐतिहासिक नगरी अमझेरा की ओर बढ़ी।
*विद्यार्थियों द्वारा स्वागत, अमझेरा किले में दुग्धाभिषेक व स्वच्छता अभियान*
यात्रा जब अमझेरा के प्रमुख मार्गों से होते हुए अमर शहीद राजा बख्तावर सिंह के किले की ओर बढ़ी, तब किले में प्रवेश से पूर्व 'एक शाला एक परिसर' एकीकृत शाला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अमझेरा के विद्यार्थियों द्वारा यात्रा पर भव्य पुष्पवर्षा कर उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया।
इसके पश्चात यात्रा किले परिसर में पहुंची। यात्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रवेश द्वार पर स्थित अमर शहीद राजा बख्तावर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दही एवं दूध से अभिषेक किया। इस दौरान पूरा परिसर "अमर शहीद राजा बख्तावर सिंह अमर रहें", "वन्दे मातरम" और "भारत माता की जय" के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। इसके उपरांत महल परिसर में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत विशेष सफाई कार्य किया गया।
*भोजशाला में मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना, आरती एवं इतिहास की जानकारी*
अमझेरा से तिरला होते हुए यात्रा प्राचीन संरक्षित इमारत भोजशाला मां वाग्देवी के मंदिर पहुंची। परिसर में आगमन पर यात्रा का स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्ध जनों एवं समिति सदस्यों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
भोजशाला में आयोजित पूजा-अर्चना कार्यक्रम में वड़ोदरा (गुजरात) सांसद डॉ. हेमांग जोशी, श्री निलेश भारती, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं भोज उत्सव समिति के सदस्यगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मां वाग्देवी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाआरती उतारी। इस अवसर पर यात्रियों को प्राचीन संरक्षित इमारत भोजशाला के ऐतिहासिक महत्व, स्थापत्य कला एवं इसके गौरवशाली इतिहास के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद यात्रा छत्री, हटवाड़ा, मोहन टॉकीज चौराहा, छोड़ा चौपाटी, टीवीएस एवं त्रिमूर्ति चौराहा से होते हुए संवाद स्थल पहुंची।
*'सेवा नायक सम्मान', समरसता भोजन एवं बेटमा की ओर प्रस्थान*
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत जे.एम.डी. गार्डन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री निलेश भारती ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज सेवा में समर्पित 'सेवा नायकों' की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि वड़ोदरा (गुजरात) सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने 'सेवा संकल्प यात्रा' के उद्देश्यों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जनसेवा, पर्यावरण व जल संरक्षण तथा राष्ट्रचेतना का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का अभियान है।
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती नीना वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 'सेवा नायकों' का सम्मान किया गया।
तत्पश्चात 'समरसता भोजन' का आयोजन हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाज के सभी वर्गों के नागरिकों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
जे.एम.डी. गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात यात्रा जेतपुरा होते हुए अपने अगले पड़ाव बेटमा की ओर प्रस्थान कर गई।
#SevaSankalpAbhiyan #सेवा_संकल्प_अभियान
Jansampark Madhya Pradesh