राष्ट्रीय दुग्ध विकास कार्यक्रम (NPDD) के अंतर्गत जिला सहकारी संघ धार एवं इंदौर दुग्ध सहकारी संघ के संयुक्त तत्वाधान में दुग्ध सहकारी संस्थाओं के सदस्यों के लिए एक दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन ग्राम राजोद में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में साजोद दुग्ध सहकारी संस्था के अध्यक्ष श्री दयाराम एवं राजोद दुग्ध संस्था के अध्यक्ष श्री भारत लाल पटेल उपस्थित रहे।
*श्वेत क्रांति और अर्थव्यवस्था पर मंथन*
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सहकारी प्रशिक्षण केंद्र इंदौर के पूर्व प्राचार्य श्री के. एल. राठौर ने देश में चल रही दुग्ध क्रांति पर प्रकाश डालते हुए कहा, "आज भारत पूरे विश्व के कुल दूध उत्पादन का 25 प्रतिशत से अधिक हिस्सा उत्पादित कर रहा है, जो राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ दुनिया की विशाल आबादी की पोषण आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है।" उन्होंने पशुपालकों को उनके अधिकारों व कर्तव्यों से अवगत कराया और पशु किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
*स्वच्छ दुग्ध उत्पादन व 2030 का विज़न*
इंदौर दुग्ध संघ के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक श्री एन. के. पगारे ने स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन के व्यावहारिक तरीकों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि दूध संकलन में स्वच्छता रखने से दूध का उचित मूल्य मिलता है और दुग्ध उत्पादकों को निजी बिचौलियों के बजाय दुग्ध सहकारी संस्थाओं को ही दूध क्यों देना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने शासन की वर्ष 2030 तक की आगामी रणनीतिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
वर्तमान क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मोहन वास्केल ने इंदौर दुग्ध संघ द्वारा पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में सहभागी सदस्यों को दुग्ध सहकारिता संबंधी मार्गदर्शन निर्देशिका (गाइडबुक) एवं बैग का वितरण किया गया। प्रशिक्षण शिविर में दुग्ध सहकारी शीत केंद्र फुलगावड़ी के सुपरवाइजर श्री जीतराम बेगा, श्री भूपेंद्र पुरोहित सहित क्षेत्रीय दुग्ध सहकारी संस्थाओं के 100 से अधिक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शुभेन्द्र सिंह पवार ने किया एवं आभार प्रदर्शन जिला सहकारी संघ के श्री लक्ष्मी नारायण चावड़ा द्वारा व्यक्त किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh