प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में संचालित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ (जन जल सेवा संकल्प यात्रा) ने रविवार को धार जिले में प्रवेश किया। जिले की सीमा पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
जिले की सीमा पर स्वागत के पश्चात यात्रा मोहनखेड़ा जैन तीर्थस्थल पहुंची। यहां यात्रियों ने पूज्य गुरुदेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर गुरुदेव ने उपस्थितजनों को सेवा एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
इसके पश्चात यात्रा पिपरनी पहुंची, जहां मंदिर चौराहे पर ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा से जुड़े विषयों की जानकारी साझा की। हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं को लाभकारी बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
*21 सितंबर को होंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम*
‘सेवा संकल्प यात्रा’ के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 सितंबर 2026 को प्रातः 9 बजे खेड़ापति हनुमान मंदिर, मोहनखेड़ा (राजगढ़) में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात यात्रा अमझेरा के महल परिसर पहुंचेगी, जहां स्वच्छता अभियान, दुग्धाभिषेक एवं माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा।
इसके बाद यात्रा तिरला होते हुए प्रातः 11:30 बजे ऐतिहासिक भोजशाला परिसर पहुंचेगी। दोपहर 12:30 बजे जे.एम.डी. गार्डन में संवाद कार्यक्रम एवं समरसता भोजन आयोजित किया जाएगा। दोपहर 2:40 बजे यात्रा लक्ष्मी गौशाला पहुंचेगी। इसके पश्चात यात्रा जेतपुरा एवं बेटमा की ओर प्रस्थान करेगी।
*यात्रा से जुड़े प्रमुख तथ्य*
‘सेवा संकल्प यात्रा’ 17 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक संचालित की जा रही है। यात्रा का शुभारंभ गुजरात के वडनगर एवं उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक साथ हुआ है। यात्रा मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों से 13 निर्धारित मार्गों के माध्यम से गुजर रही है। यात्रा में 20 टोलियों के माध्यम से लगभग 500 मोटरसाइकिल सवार एवं सहायता वाहन शामिल हैं।
#SevaSankalpAbhiyan #सेवा_संकल्प_अभियान
Jansampark Madhya Pradesh