अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर सभागृह, धार में MPIDC एवं महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, धार-पीथमपुर के संयुक्त तत्वावधान में धार जिले के लिए DBRAP विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में MPIDC के श्री पुनीत ने DBRAP के विभिन्न प्रावधानों एवं उद्देश्यों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि DBRAP का गठन भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) द्वारा किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य जिला स्तर पर व्यवसाय करने की प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं अधिक पारदर्शी बनाते हुए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देना है।
कार्यशाला में सिंगल विंडो प्रणाली के आगामी दिनों में संचालन एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाने, अनावश्यक प्रक्रियाओं को कम करने तथा व्यवसायियों एवं उद्योगों को समयबद्ध एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की तथा जिला स्तर पर व्यवसाय एवं उद्योगों से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के संबंध में अपने सुझाव साझा किए।
Jansampark Madhya Pradesh