प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वडनगर से वाराणसी के लिए निकली ‘सेवा संकल्प यात्रा’ सोमवार को धार जिले के कुक्षी पहुंची। यात्रा के कुक्षी तहसील की सीमा में प्रवेश करने पर रतलाम लोकसभा सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। कुक्षी पहुंचने पर करीब 25 युवा बाइकर्स का ढोल-ताशों के साथ स्वागत किया गया।
यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक निकाली जा रही है। यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री मोदी के सेवा कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा में शामिल युवा बाइकर्स विभिन्न स्थानों पर ‘सेवा संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर रहे हैं तथा योजनाओं से मिले लाभ के अनुभव जान रहे हैं।
*श्री महिमाराम पाटीदार ने साझा की अपनी कहानी*
कुक्षी नगर में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम के दौरान श्री महिमाराम पाटीदार ने आयुष्मान भारत योजना से मिले लाभ का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वे कुक्षी में घड़ी की दुकान संचालित करते हैं। हृदय संबंधी बीमारी के कारण उन्हें बायपास सर्जरी की आवश्यकता थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे उपचार का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं थे।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना उनके लिए जीवनदायिनी साबित हुई। योजना के अंतर्गत बड़ौदा के रिदम हॉस्पिटल में उनकी बायपास सर्जरी निःशुल्क हुई। वर्तमान में वे पूर्णतः स्वस्थ हैं और अपनी घड़ी की दुकान संचालित कर रहे हैं। श्री पाटीदार ने आयुष्मान भारत योजना को जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
*सफाई कर्मियों का किया सम्मान*
कुक्षी के हीरा पैलेस में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम के दौरान यात्रा में शामिल युवाओं ने सफाई कर्मियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। युवाओं ने सफाई कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उनके प्रयास स्वच्छ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
*ढोलिया से जिले में हुआ यात्रा का प्रवेश*
‘सेवा संकल्प यात्रा’ का धार जिले में कुक्षी तहसील के ग्राम ढोलिया से प्रवेश हुआ। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल युवाओं ने लोगों से संवाद करते हुए केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।
#SevaSankalpAbhiyan
#सेवा_संकल्प_अभियान
Jansampark Madhya Pradesh