
समस्तीपुर जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई: दो चोरी का एंड्रायड मोबाइल के साथ एक नाबालिग गिरफ्तार
समस्तीपुर जंक्शन पर यात्रियों के सामान की सुरक्षा और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर गश्त के दौरान आरपीएफ के जवानों ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक नाबालिग को धर दबोचा. तलाशी के दौरान उसके पास से दो महंगे चोरी किए गए एंड्रायड मोबाइल बरामद किए गए हैं. इस कार्रवाई से स्टेशन परिसर में सक्रिय चोरों में हड़कंप मच गया है.
प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर गश्त के दौरान पकड़ाया संदिग्ध
मिली जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर आरपीएफ पोस्ट के उप निरीक्षक शशिकांत तिवारी, उप निरीक्षक विवेक कुमार और आरक्षी जितेन्द्र कुमार साह यात्री सामानों से जुड़े अपराधों को रोकने के लिए नियमित अभियान चला रहे थे. इसी क्रम में वे समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के बरौनी साइड वाले अंतिम छोर पर गश्त कर रहे थे. तभी उनकी नजर एक लड़के पर पड़ी, जो वहां काफी संदेहास्पद स्थिति में खड़ा होकर इधर-उधर देख रहा था.