
छह दिन बाद समाप्त हुई स्कूल की तालाबंदी ,
- टंकी पर चढ़े पांच युवक नीचे उतरे
-अधिकारियों के साथ वार्ता में बनी सहमति
बीकानेर । खाजूवाला क्षेत्र में 1 केजेडी गांव के राजकीय विद्यालय में भवन निर्माण की मांग को लेकर पिछले छह दिनों से चल रहा धरना और स्कूल की तालाबंदी आखिरकार प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच बनी सहमति के बाद समाप्त हो गया। वहीं पिछले तीन दिनों से पानी की टंकी पर चढ़े पांच युवकों को भी प्रशासन के आश्वासन के बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पानी की टंकी पर राजपाल साहरण, मोहनलाल चौहान, थाणासिंह, हरदीप सिंह और भागीरथ चौहान तीन दिनों से डटे हुए थे। युवकों ने विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर टंकी पर चढ़कर आंदोलन शुरू किया था।
शनिवार को एसडीएम प्रभजोत सिंह ने आंदोलनकारी कमेटी के साथ वार्ता की। इस दौरान सीओ विजयपाल यादव और सीबीईओ हरदेव सिंह भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से विधायक की अनुशंसा पर विद्यालय में दो कमरे और टीन शेड बनवाने का आश्वासन दिया गया। साथ ही एक कमरे और बरामदे का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने पर सहमति बनी।
प्रशासन के आश्वासन के बाद टंकी पर चढ़े पांचों युवकों ने नीचे उतरकर आंदोलन समाप्त किया। इसके बाद ग्रामीणों और छात्रों ने भी विद्यालय की तालाबंदी खोल दी और छह दिनों से चल रहा धरना समाप्त कर दिया। आंदोलनकारियों का कहना था कि विद्यालय में भवन की कमी के कारण बच्चों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों द्वारा लगातार मांग उठाए जाने के बाद आखिरकार प्रशासन के साथ वार्ता में समाधान की दिशा में सहमति बनी।