मानसून से पहले बिजली व्यवस्था पर विधायक कोठारी सख्त, सिक्योर अधिकारियों को दिए त्वरित राहत के निर्देश
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए विधायक अशोक कुमार कोठारी ने सिक्योर कंपनी अधिकारियों की बैठक लेकर हालिया आंधी-तूफान से विद्युत तंत्र को हुए नुकसान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 13 जून के आंधी-तूफान से शहर के 80 फीडर प्रभावित हुए, 14 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हुए तथा करीब 40 पेड़ बिजली लाइनों पर गिरने से लगभग 75 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। एवीवीएनएल और सिक्योर की संयुक्त टीमों ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए अधिकांश क्षेत्रों में 4 से 6 घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
विधायक कोठारी ने अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन, सामग्री और तकनीकी दल तैयार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति में उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिलनी चाहिए तथा शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।