
हाजीपुर में बनेगा नया बस स्टैंड, कैबिनेट ने 44.52 करोड़ रुपये की राशि को दी मंजूरी
वैशाली जिला मुख्यालय #हाजीपुर में नए बस स्टैंड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. इसके लिए हाजीपुर-महुआ मुख्य सड़क के किनारे 9.73 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने या लीज पर लेने की योजना है. जमीन की व्यवस्था के लिए 44 करोड़ 52 लाख 44 हजार 800 रुपये की राशि मंजूर की गई है. कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद अब नए बस स्टैंड के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
वर्षों पुरानी जरूरत पूरी होने की जगी उम्मीद
हाजीपुर में स्थायी और व्यवस्थित बस स्टैंड की मांग लंबे समय से उठती रही है. मार्च 2025 में बिहार विधानसभा में भी हाजीपुर में स्थायी बस स्टैंड नहीं होने का मुद्दा उठा था. उस समय सरकार की ओर से बताया गया था कि बस स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है.अब 9.73 एकड़ जमीन के लिए 44.52 करोड़ रुपये की मंजूरी मिलने से इस दिशा में पहल आगे बढ़ने की उम्मीद है. नया बस स्टैंड बनने से बसों के ठहराव और यात्रियों के आवागमन को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है. हाजीपुर के साथ-साथ उत्तर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलने की संभावना है.