भोजपुर पुलिस ने रितेश यादव को रोड पर घुमाया, स्कार्पियो से आठ को कुचलने का आरोपी
पटना.भोजपुर पुलिस ने स्कॉर्पियो से आठ लोगों को कुचलने के मामले में मुख्य आरोपी रितेश यादव को अरेस्ट कर लिया है. मंगलवार को उसकी गिरफ्तारी के बाद आज बुधवार को पुलिस ने बिहिया की सड़कों पर उसकी परेड कराई. इस मामले में दो सगे भाइयों की मौत हो गई थी. साथ ही बच्चे-किशोरों समेत छह अन्य लोग बुरी तरह घायल हैं.
500 मीटर तक सड़क पर ले गई पुलिस
दीपावली की रात पूरे जिले को दहला देने वाले मामले का मुख्य आरोपित बुधवार को सड़कों पर हथकड़ी में नजर आया. पुलिस उसे थाना से पैदल निकालकर ब्लॉक मोड़, सब्जी मंडी और राजा बाजार होते हुए डाकबंगला चौक तक ले गई. करीब 500 मीटर लंबे इस पैदल मार्च के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई. हर किसी की नजर एक ही शख्स पर टिकी थी. पुलिस का यह कदम अपराधियों को खुली चेतावनी जैसा दिखा.थानाध्यक्ष विपिन बिहारी की अगुवाई में पुलिस टीम आरोपित रितेश यादव को लेकर चली.