
8-10 दिन से नहीं आ रही थी नींद, आधी रात 1 बजे थाने पहुंची महिला, पुलिस से बोली- मेरी रिपोर्ट लिखो
शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। पिछले 8 से 10 दिनों से नींद नहीं आने की परेशानी से जूझ रही एक महिला रात करीब 1 बजे थाने पहुंच गई। थाने पहुंचते ही महिला ने पुलिसकर्मियों से कहा, "पुलिस सोने के लिए है क्या? मेरी रिपोर्ट लिखिए, अभी लिखिए।"
महिला अपनी शिकायत दर्ज कराने की जिद पर अड़ी रही। इस दौरान वह थाने में रखी हथकड़ी उठाकर ले जाने लगी, जिससे पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
सीएम हेल्पलाइन में भी की थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, महिला पिछले कई दिनों से ठीक से सो नहीं पा रही थी। इसी परेशानी को लेकर उसने सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई थी। समाधान नहीं मिलने पर वह देर रात सीधे भौंती थाने पहुंच गई और रिपोर्ट लिखने की जिद करने लगी।
परिजनों ने बताया- चल रहा है इलाज
महिला की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया ने तत्काल उसके परिजनों को थाने बुलाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। पहले भी वह इस तरह की हरकतें कर चुकी है और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने परिजनों को महिला का विशेष ध्यान रखने और नियमित उपचार जारी रखने की समझाइश दी। इसके बाद महिला को परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया।
लगातार नींद नहीं आना हो सकता है गंभीर समस्या का संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार कई दिनों तक नींद नहीं आना तनाव, चिंता, दवाओं के दुष्प्रभाव या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। ऐसी स्थिति में चिकित्सक या मनोचिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है। केवल लक्षणों के आधार पर किसी बीमारी का निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है।
P.NEWZ INDIA
पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
📞 मो. 7470902171
#ShivpuriNews #BhontiNews #MadhyaPradeshNews #PoliceNews #ShivpuriPolice #BreakingNews #PNEWZINDIA