
मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात का बड़ा एक्शन,अंतरजिला डकैत गिरोह का पर्दाफाश, 15.50 लाख कैश, चरस व हथियारों के साथ 4 कुख्यात गिरफ्तार
पूर्वी चम्पारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के सख्त रुख और सटीक रणनीति के चलते मोतिहारी पुलिस को अंतरजिला डकैत गिरोह के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। ढाका थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया मोहन निवासी मनोज कुमार शर्मा के घर 30 अगस्त 2026 की रात हुई भीषण डकैती की वारदात को एसपी ने बेहद गंभीरता से लिया था। घटना के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्वयं पूरे ऑपरेशन की कमान संभाली और सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए।
एसपी स्वर्ण प्रभात की बनाई सटीक रणनीति और पुलिस टीम के जमीनी अनुसंधान का नतीजा रहा कि पुलिस ने सीतामढ़ी और नेपाल से जुड़े इस शातिर गिरोह की नब्ज पकड़ ली। हाल ही में जेल से छूटे सीतामढ़ी के बथनाहा निवासी मोहम्मद सफीक मंसूरी उर्फ बन्ठा को दबोचकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने सिकरहना अनुमंडल में हुई 5 बड़ी डकैतियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद एसपी के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए पुलिस ने गिरोह के अन्य तीन कुख्यात सदस्यों—मो० तनवीर शेख, शंभू पासवान उर्फ मोगल और अमरनाथ ठाकुर को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
एसपी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने इस अंतरजिला गिरोह के पास से डकैती के लूटे गए 15.50 लाख रुपये नकद, 1 पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस, 2.107 किलोग्राम चरस, दरवाजा तोड़ने वाली 2 लोहे की रॉड, 5 मोबाइल फोन, भारी मात्रा में चांदी के जेवरात और डकैती की रकम से खरीदी गई एक नई मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार अपराधियों पर मोतिहारी, सीतामढ़ी और दरभंगा के विभिन्न थानों में डकैती, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात की इस त्वरित और असरदार कार्रवाई से पूरे जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हैं और आम जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी एसपी के निर्देश पर लगातार दबिश दी जा रही है।
Update News Bihar Samrat Choudhary Motihari Police Patna Police Nitish Kumar VIJAY KUMAR SINHA Vinod Tawde
Bihar, India | Sep 10, 2026