
शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों और विद्यालयों को किया गया सम्मानित
लखीसराय। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले चयनित शिक्षकों एवं विद्यालयों को सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित की जाने वाली श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रधानाध्यापक, सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (अध्यापन), सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (नवाचार), सर्वश्रेष्ठ शिक्षक (PBL), सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता व्यवस्था, सर्वश्रेष्ठ खेल-कूद व्यवस्था तथा सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं की उपस्थिति शामिल रही।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने शिक्षकों के समर्पण, नवाचार और विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर विद्यालयी वातावरण के निर्माण के लिए शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और गति देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और नवाचार से विद्यालयों में सकारात्मक बदलाव संभव है तथा ऐसे प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, संभाग प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।