उत्तर प्रदेश के संभल में एक बार फिर खौफ और बेचैनी का माहौल है। हालिया तशद्दुद (हिंसा) के बाद, अब प्रशासन की नजर ऐतिहासिक शाही जामा मस्जिद के आस-पास आबाद मुकामी लोगों के मकानों और दुकानों पर टिक गई है।
हाल ही में SDM विकास चंद्र ने भारी पुलिस फोर्स के साथ जामा मस्जिद इलाके का अचानक मुआयना किया, जिससे अवाम में अफरातफरी मच गई। जिला इंतजामिया का दावा है कि इस इलाके में 22 से ज्यादा मकान और दुकानें बिना मंजूरशुदा नक्शे के तामीर (निर्माण) किए गए हैं। चूंकि यह इलाका 'संभल महायोजना 2031' के तहत रेगुलेटेड ज़ोन में आता है, इसलिए अब इन इमारतों पर बुलडोजर चलने का खतरा मंडराने लगा है।
फिलहाल, प्रशासन इन संपत्तियों के मालिकों को नोटिस भेजकर दस्तावेज़ और नक्शे तलब करने की तैयारी कर रहा है। मस्जिद के अहाते के करीब इस नई कार्रवाई से आम लोगों में अपनी रोजी-रोटी और आशियाने छिन जाने का गहरा डर बैठ गया है।