बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय पर 26 अक्टूबर सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के लिए शनिवार को बीपीआरओ विश्वनाथ कुमार को आवेदन सौंपा। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे से होगा।
युवा राजद प्रदेश उपाध्यक्ष रूपेश कुमार यादव ने बताया कि चमथा दियारा और बिशनपुर में गंगा का कटाव तेजी से हो रहा है। इससे किसानों की जमीन नदी में समा रही है और लोग अपने घर छोड़कर पलायन कर रहे हैं। इसके रोकथाम के लिए अभिलंब व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अपनी मांगों में प्रधानमंत्री आवास योजना में छूटे लोगों के नाम जोड़ना, प्रखंड मुख्यालय पर आधार सेंटर शुरू करना, दियारा के पांचों पंचायत की खराब सड़कों का निर्माण, भूमिहीन परिवारों को जमीन देना और NH 28 पर गड्ढों की मरम्मत को शामिल किया है।
राजद नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर इन समस्याओं पर अभिलंब सरकारी स्तर से पहल नहीं हुई, तो जोरदार विरोध किया जाएगा। मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष सुनील यादव, जिला महासचिव अरुण यादव और नेता कमलेश्वरी यादव मौजूद रहे।