
बागली पुलिस की गांजा तस्कर पर कार्रवाई, 55 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुंजापुरा के पास दबिश; 1.5 किलो गांजा जब्त, कीमत 15 हजार रुपए
देवास। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बागली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर को बागली थाना क्षेत्र की संयुक्त टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कांटाफोड़ रोड पर पुंजापुरा के पास सावरिया तौल कांटे से आगे बयडीपुरा नाले के सामने दबिश दी। यहां से अमरसिंह पिता छीतु पंवार (55), निवासी पुंजापुरा को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 461/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज किया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार दबिश और कार्रवाई की जा रही है। देवास पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह जादौन के नेतृत्व में उपनिरीक्षक हरिशंकर गोदार, सहायक उपनिरीक्षक मनोज शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही।