
#भरतपुर। भरतपुर-डीग नगर निकाय चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस में शुरू हुआ अंदरूनी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने लगातार दूसरे दिन सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए डीग कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी और प्रदेश नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीग के 40 वार्डों में से 5 वार्डों में चहेतों को गलत तरीके से टिकट दिए गए, जिसके कारण पार्टी को वहां शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। विश्वेंद्र सिंह ने अपनी ताजा पोस्ट में इन पांचों वार्डों के कांग्रेस प्रत्याशियों को मिले वोटों का आंकड़ा पेश करते हुए बताया कि वार्ड 1 से हेमराज सैनी को 243, वार्ड 10 से प्रियकेश को 14, वार्ड 12 से बच्चू सिंह मीणा को 56, वार्ड 34 से राजेंद्र प्रसाद को 86 और वार्ड 37 से सोहन लाल भारती को मात्र 10 वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि इन बेहद कम वोटों पर आत्ममंथन करने के बजाय जिलाध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष की चाटुकारिता में लगे हैं। इससे एक दिन पहले भी विश्वेंद्र सिंह ने दो अलग-अलग पोस्ट करके भरतपुर व डीग जिलाध्यक्षों के साथ-साथ पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधा था।