
प्रतापगढ़ पुलिस
👉 भरत मिलाप के दृष्टिगत दिनांक 22.10.2026 को पूर्वांहन 11:00 बजे से 23.10.2026 को 13:00 बजे तक रूट डायवर्जन लागू, शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
➡️ पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में भरत मिलाप के दौरान सुगम यातायात, आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जनपद में रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था दिनांक 22.10.2026 को पूर्वांहन 11:00 बजे से 23.10.2026 को 13:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।
➡️ अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) श्री आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) श्री बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी नगर श्री आशुतोष मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी यातायात श्री रविन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु निम्नलिखित रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
➡️ रूट डायवर्जन प्लान
1.जनपद सुल्तानपुर से जौनपुर एवं वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहन
सुल्तानपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन मदाफरपुर मोड़, थाना कोहड़ौर से बाईं ओर मुड़कर पट्टी बाईपास, उड़ेयाडीह, जामताली, थाना रानीगंज एवं मुंगराबादशाहपुर होते हुए जौनपुर एवं वाराणसी की ओर जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
2. जनपद सुल्तानपुर की ओर से प्रयागराज जाने वाले वाहन
मदाफरपुर मोड़, थाना कोहड़ौर से बाईं ओर मुड़कर पट्टी बाईपास, उड़ेयाडीह, जामताली, थाना रानीगंज एवं पृथ्वीगंज होते हुए भुपियामऊ से बाईं ओर मऊआइमा मार्ग से प्रयागराज की ओर जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
विशेष नोट: लखनऊ, सुल्तानपुर एवं अयोध्या की ओर से प्रतापगढ़ आने वाले भारी वाहनों के कारण अत्यधिक जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर जनपद सुल्तानपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समन्वय स्थापित कर भारी वाहनों को पयागीपुर चौराहा से डायवर्ट किया जाएगा।
3. जनपद कानपुर से वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहन
कानपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन जनपद फतेहपुर एवं रायबरेली के सलोन, थाना लालगंज, जनपद प्रतापगढ़ के थाना लालगंज एवं लीलापुर, कोतवाली देहात तथा भुपियामऊ ओवरब्रिज होते हुए थाना रानीगंज, फतनपुर एवं मछलीशहर के रास्ते जौनपुर व वाराणसी की ओर जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
4. जनपद प्रतापगढ़ से वाराणसी एवं प्रयागराज जाने वाले भारी वाहन
वाराणसी की ओर: कोतवाली देहात क्षेत्र के भुपियामऊ चौराहे से बाईं ओर पृथ्वीगंज, थाना रानीगंज, मुंगराबादशाहपुर एवं मछलीशहर होते हुए जनपद जौनपुर के रास्ते वाराणसी जाएंगे।
प्रयागराज की ओर: थाना रानीगंज क्षेत्र के चिरकुट्टी तिराहे से दाईं ओर रामनगर ग्रामसभा के रास्ते प्रयागराज जाएंगे।
वापसी के लिए भी निर्धारित मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
5. जनपद लखनऊ से वाराणसी की ओर जाने वाले भारी वाहन
लखनऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन रायबरेली, सलोन, ऊंचाहार एवं जनपद प्रतापगढ़ होते हुए जनपद जौनपुर के रास्ते वाराणसी की ओर जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
6. कुण्डा की ओर से जौनपुर, वाराणसी, अमेठी, सुल्तानपुर एवं अयोध्या जाने वाले भारी वाहन
जौनपुर एवं वाराणसी की ओर: कुण्डा से आने वाले भारी वाहन मोहनगंज, कटरा चौराहा, पृथ्वीगंज, थाना कोतवाली देहात, रानीगंज, मुंगराबादशाहपुर एवं मछलीशहर होते हुए जौनपुर व वाराणसी जाएंगे।
अमेठी, सुल्तानपुर एवं अयोध्या की ओर: कुण्डा की ओर से आने वाले भारी वाहन सुखपालनगर से लगभग 500 मीटर आगे बाईं ओर मुड़कर प्रतापगढ़ बाईपास के रास्ते अमेठी, सुल्तानपुर एवं अयोध्या जाएंगे। वापसी के लिए भी निर्धारित मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
7. जनपद अमेठी की ओर से जौनपुर एवं वाराणसी जाने वाले भारी वाहन
अमेठी की ओर से आने वाले भारी वाहन बाईपास से बाईं ओर भुपियामऊ ओवरब्रिज, थाना कोतवाली देहात, पृथ्वीगंज बाजार, थाना रानीगंज एवं मुंगराबादशाहपुर होते हुए जनपद जौनपुर एवं वाराणसी की ओर जाएंगे। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का प्रयोग किया जाएगा।
➡️ शहर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध (NO ENTRY)
आमजन की सुविधा एवं शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निम्नलिखित प्रतिबंध प्रभावी रहेंगे—
नो-एंट्री: दिनांक 22.10.2026 को प्रातः 08:00 बजे से 23.10.2026 को 22:00 बजे तक शहर क्षेत्र में सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
* दिनांक 22.10.2026 को सभी प्रकार के वाहन पास निरस्त रहेंगे व सायं 05:00 बजे से: भरत मिलाप क्षेत्र में ई-रिक्शा एवं चार पहिया वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा सायं 07:00 बजे से: उक्त क्षेत्र में मोटरसाइकिल सहित सभी प्रकार के दोपहिया वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।
* प्रतिबंध लागू होने के उपरांत उक्त क्षेत्र में केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी।